कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में जनवरी 1969 में अपने पहले बच्चे के निधन का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि नवजात बेटे को नदी में प्रवाहित करने की बात पर उन्होंने साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद राजीव गांधी और संजय गांधी ने बच्चे को महरौली के फार्म में दफनाया।
हार्परकॉलिन्स की यह किताब मंगलवार को रिलीज हुई। अक्सर चुप रहने वालीं सोनिया गांधी ने इसमें पहली बार इस दुख को सार्वजनिक रूप से जाहिर किया है।
सितंबर 1968 में मिली थी खुशखबरी
किताब के मुताबिक, सितंबर 1968 की एक सुबह सोनिया गांधी के गर्भवती होने की खबर से गांधी परिवार में खुशी का माहौल बन गया। आमतौर पर गंभीर रहने वालीं इंदिरा गांधी ने बहू को प्यार से गले लगाया और चूमा। उन्होंने कहा कि एक बड़ी बच्ची अब खुद एक बच्चे की मां बनने जा रही है।
उन दिनों इंदिरा गांधी सोनिया को खान-पान, टहलने और व्यायाम को लेकर निर्देश देती थीं। सोनिया लिखती हैं कि अपनी मां की बात होती तो वे अपनी बात पर अड़ी रहतीं, पर राजीव की मां के सामने वे इतनी संकोची थीं कि विरोध नहीं कर पाती थीं।
उनके नियमित चेकअप होते थे और कोई खास परेशानी नहीं थी। बस इटैलियन खाने की याद आती थी। जामुन और फालसा जैसे फलों की तलब रहती थी और वे दिन भर में 'फैंटा' के करीब 12 गिलास पी जाती थीं।
18 जनवरी 1969 को हुआ बेटे का जन्म
सोनिया गांधी ने 18 जनवरी 1969 को नॉर्मल डिलीवरी से बेटे को जन्म दिया। डिलीवरी तय समय से दो महीने पहले हुई थी। परिवार खुश था, लेकिन यह खुशी सिर्फ एक दिन चली।
सोनिया ने किताब में लिखा है कि बच्चे को इनक्यूबेटर में रखा गया था और उन्होंने उसके रोने की पहली आवाज सुनी। बाद में राजीव उन्हें बच्चे को दिखाने ले गए। वह पूरी तरह विकसित शिशु था, जिसके घने काले बाल और लंबी, पतली उंगलियां थीं। राजीव का हाथ उनके कंधे पर था और दोनों उसे देखते रहे। उन्हें बच्चे से तुरंत लगाव हो गया।
राजीव को पहले ही बता दिया गया था कि बच्चे के बचने को लेकर संदेह है।
सुबह 6:30 बजे हुआ निधन
सोनिया के अनुसार, बच्चे का निधन सुबह 6:30 बजे हुआ। राजीव ने एमी आंटी की मौजूदगी में उन्हें बहुत कोमलता से यह बात बताई। एमी कृष्णा इंदिरा गांधी के स्टाफ का हिस्सा थीं।
सोनिया ने लिखा है कि वे बार-बार पूछती रहीं कि ऐसा क्यों हुआ। दोनों सदमे में थे और एक-दूसरे को कसकर पकड़ लिया। उन्होंने लिखा, "मैं फूट-फूट कर रोई, और राजीव भी।" साथ ही बताया कि भावनाओं को दबाकर रखने की सीख पाने वाले राजीव भी बहुत रोए।
उस दिन इंदिरा गांधी शहर से बाहर थीं। खबर मिलते ही उन्होंने अपनी यात्रा रद्द की और सीधे अस्पताल पहुंचीं। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा की आंखें रोने से लाल और सूजी हुई थीं। वे काफी देर तक दोनों के पास बैठी रहीं।
इंदिरा ने कहा कि वे साथ रुकना चाहती थीं, पर दौरे के कार्यक्रम पूरे करने थे। वे अगली सुबह दुखी मन से रवाना हो गईं। सोनिया के अनुसार, इंदिरा भी इस खुशी के मौके का बेसब्री से इंतजार कर रही थीं।
नदी में प्रवाहित करने से किया इनकार
इसके बाद बच्चे के अंतिम संस्कार का सवाल उठा। सोनिया ने लिखा है कि हिंदू परंपरा में नवजात का दाह-संस्कार नहीं किया जाता और उसे नदी में बहा दिया जाता था। बच्चे को ईसाई कब्रिस्तान में दफनाने पर भारी हंगामा होता। पास के पारसी कब्रिस्तान में भी यह संभव नहीं था। वे दुख से इतनी टूटी हुई थीं कि कुछ बोल या प्रतिक्रिया नहीं दे पा रही थीं।
नदी में बहाने की बात सुनकर उन्हें ओखला बैराज पर देखा एक फूला हुआ शव याद आ गया। वह कचरे के ढेर में फंसा था और लहरें उसे किनारे तक ले आई थीं। भूखे आवारा कुत्ते उसे बाहर खींचने की कोशिश कर रहे थे।
सोनिया ने लिखा है कि उन्होंने फुसफुसाकर मना कर दिया। उनका कहना था कि नदी कितनी भी पवित्र हो, वे अपने बच्चे के साथ ऐसा नहीं होने देंगी।
महरौली के फार्म में दफनाया गया
आखिर में तय हुआ कि बच्चे को महरौली में फिरोज गांधी के खेत में दफनाया जाए। सोनिया ने इसे बहुत दर्दनाक विकल्प बताया है, पर लिखा है कि इसके अलावा कोई रास्ता नहीं था।
राजीव अस्पताल लौटे और उन्हें बताया कि उन्होंने और संजय ने बच्चे को एक गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे गहराई में दफना दिया है। झाड़ी भीतरी दीवार के बाईं ओर थी और उस समय फूलों से पूरी तरह लदी थी।
सोनिया के अनुसार, काफी समय तक वहां जाने पर वे उस जगह एक फूल रखकर आती थीं। इससे दर्द कम नहीं हुआ, लेकिन जो हुआ उसे स्वीकार करना पड़ा।
उदासी और अपराधबोध का दौर
सोनिया ने लिखा है कि इस घटना के सदमे का उन पर लंबे समय तक असर रहा। वे उदासी, खुद को कमतर समझने और अपराधबोध से घिरी रहीं।
जब दंपति इस दुख से उबरने की कोशिश कर रहा था, तब दक्षिणपंथी विचारधारा वाले एक विपक्षी अखबार में एक लेख छपा। उसका शीर्षक था, "इंदिरा गांधी एक नाजायज बच्चे की दादी बनने की अपनी कोशिश में नाकाम रहीं।"
सोनिया ने लिखा है कि उन शब्दों के जहर ने उनके दिल पर गहरे घाव किए। उन्होंने पूछा कि उन्होंने ऐसा क्या किया था कि इतनी नफरत झेलनी पड़ी। उनके मुताबिक, इस टिप्पणी के दर्द ने बच्चे को खोने के गम और खुद को कमतर समझने की भावना को और बढ़ा दिया।
राहुल गांधी का जन्म
किताब में लिखा है कि समय बीतने के साथ दुखों के बादल धीरे-धीरे छंटने लगे। उसी साल अक्टूबर में सोनिया ने राजीव को बताया कि वे फिर गर्भवती हैं। सोनिया गांधी ने 19 जून 1970 को राहुल गांधी को जन्म दिया।
FAQ:
प्रश्न: सोनिया गांधी की किताब का नाम क्या है?
उत्तर: किताब का नाम 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' है। इसे हार्परकॉलिन्स ने प्रकाशित किया है और यह मंगलवार को रिलीज हुई।
प्रश्न: सोनिया गांधी के पहले बच्चे का जन्म कब हुआ था?
उत्तर: 18 जनवरी 1969 को नॉर्मल डिलीवरी से बेटे का जन्म हुआ था। डिलीवरी तय समय से दो महीने पहले हुई थी।
प्रश्न: सोनिया गांधी के पहले बच्चे को कहां दफनाया गया था?
उत्तर: किताब के अनुसार, बच्चे को महरौली में फिरोज गांधी के खेत में गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे दफनाया गया था।




